जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित ब्ल्यू बेल्स स्कूल के पास गुरुवार रात लगभग 9 बजे मानगो फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लापरवाही का एक और मामला सामने आया। नगर निगम में कार्यरत नगर मिशन प्रबंधक निर्मल कुमार गंभीर हादसे का शिकार हो गए।
निर्मल कुमार अपनी बाइक (JH 01 B 0198) साइड में लगाकर सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान फ्लाईओवर निर्माण में लगी हाइड्रा गाड़ी (MH 16 CV 9539) सड़क पार कर रही थी। अचानक गाड़ी का नियंत्रण टूट गया और निर्मल कुमार उसकी चपेट में आ गए। इस घटना में उनका दाहिना हाथ टूट गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मानगो के गुरुनानक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। मजदूर अक्सर हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और सुरक्षा जूते के बिना ऊंचाई पर काम करते हैं। गुरुवार को हादसे वाली हाइड्रा में नियम अनुसार खलासी मौजूद नहीं था, वाहन पर सुरक्षा झंडा नहीं लगा था और हूटर का इस्तेमाल भी नहीं किया गया।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि फ्लाईओवर निर्माण में कार्यरत कंपनी और मैनेजमेंट पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों। मानगो फ्लाईओवर परियोजना शहर के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन कार्यस्थल पर सुरक्षा की अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।
There is no ads to display, Please add some



















































