जमशेदपुर: ओल्ड पुरुलिया रोड, मानगो स्थित इंटकवेल का शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पैनल बोर्ड स्थापना का काम चल रहा था और 350 हॉर्स पावर का नया मोटर पंप इंटकवेल में स्थापित किया गया है।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ ने बताया कि देर शाम से यह मोटर पंप चालू हो जाएगा। इससे मानगो के लोगों को पेयजल की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक सरयू राय ने एसडीओ से सवाल किया कि मोटर स्थापित करने के लिए बार-बार बिजली शटडाउन क्यों कराया गया, जिससे नागरिकों को पानी की दिक्कत हुई। एसडीओ ने आश्वस्त किया कि अब किसी भी तरह का शटडाउन नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा, विधायक ने इंटकवेल के पीछे जमा बालू को हटाने का निर्देश भी दिया। अधिकारियों ने बताया कि बालू को शीघ्र हटाया जाएगा और सब कुछ योजना अनुसार हुआ तो शुक्रवार शाम से ही मोटर काम करना शुरू कर देगी। निरीक्षण के दौरान विधायक सरयू राय के साथ मुन्ना सिंह, पिंटू सिंह, संतोष भगत, शाही जी और भोला पांडेय भी मौजूद थे।



















































