30 वर्षों से समाजसेवा में सक्रिय, रक्तदान से लेकर जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने तक निभा रहे जिम्मेदारी
जमशेदपुर : आरडी भट्टा एवं सी एरिया पूजा कमेटी के 60वें वर्ष (डायमंड जुबली) के समारोह के अवसर पर टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार को ‘मानव जीवनदायी मानव सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। अरिजीत सरकार ने यह सम्मान अपनी स्वर्गीय मां को समर्पित किया।
नवरात्र के तीसरे दिन बिष्टुपुर स्थित विश्वजीत मणिमेला प्रांगण में पूजा कमेटी के उद्घाटन सत्र के दौरान उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक सरयू राय, समाजसेवी एवं बिष्टुपुर स्थित श्रीलेदर्स के शेखर डे, वाई आनंद राव, अशोक अग्रवाल, दीपक पारिख, कैलाश सिंघानिया, कुलवंत सिंह, कमेटी के अध्यक्ष गौतम कुमार भौमिक और महासचिव बीएस प्रकाश राव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
अरिजीत सरकार पिछले 30 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरित होकर वे शहर से लेकर सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों तक मानव सेवा में योगदान दे रहे हैं। उनके सामाजिक कार्यों में वर्षभर 130 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान, एसडीपी रक्तदान, गांवों में शौचालयों का निर्माण, टाइम बैंक और इमरजेंसी मेडिकल फंड बैंक की पहल शामिल है। कोरोना काल में भी उन्होंने व्यापक स्तर पर सेवा कार्य किए। इसके अलावा, दुर्गापूजा मंडप में पहली बार रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा 15 वर्षों से अधिक समय से प्रतिदिन 100 जरूरतमंदों के भोजन की व्यवस्था करने के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया।
पूजा कमेटी के डायमंड जुबली वर्ष को यादगार बनाने के लिए अरिजीत सरकार ने 60 रक्तदाताओं के रक्तदान का संकल्प लिया था, जिसे उन्होंने पूरा कर लिया। उन्होंने इस अभियान को पूजा कमेटी के डायमंड जुबली वर्ष और 174 जिंदगियां बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार को समर्पित किया। इस अवसर पर उनकी पत्नी स्नेहा सरकार, बेटे अनिरुद्ध सरकार और मानवीता चौधरी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मारपीट के आरोप पर विधायक संजीव सरदार का पलटवार, बोले-अधिकारियों से सिर्फ जानकारी ली, मारपीट का आरोप बेबुनियाद
There is no ads to display, Please add some


















































