जादूगोड़ा: जमशेदपुर खनन विभाग ने जादूगोड़ा में चल रहे अवैध पत्थर कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध चालान के गिट्टी लदा एक हाईवा जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के पत्थर माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
खनन अधिकारी सतीश कुमार नायक को सूचना मिली थी कि जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पत्थरों का अवैध कारोबार तेज़ी से फैल रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर टीलाई टॉड के पास जांच अभियान चलाया। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे हाईवा (संख्या JH05CN-4593) को रोककर कागजात मांगे गए। जांच में वाहन के पास गिट्टी का वैध चालान नहीं पाया गया।
खनन विभाग ने हाईवा को जब्त कर जादूगोड़ा थाना को सौंप दिया। थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल ने बताया कि वाहन को विभाग की ओर से जब्त कर थाने में रखा गया है, हालांकि अब तक खनन विभाग की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जादूगोड़ा, राखा कॉपर और राखा माइन वन क्षेत्र के फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायतों — बकाई और कोटोपा — में बड़े पैमाने पर अवैध पत्थर खनन जारी है। यदि विस्तृत जांच की जाए, तो करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान का खुलासा हो सकता है।
खनन विभाग की प्राथमिक जांच से संकेत मिले हैं कि अवैध पत्थर खनन से झारखंड सरकार को हर महीने लाखों रुपये के राजस्व की हानि हो रही है। विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की जांच के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है।
इसे भी पढ़ें :
Chaibasa: बड़ाजामदा में हाईवा और बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल


















































