जमशेदपुर: बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के हजारों निवासियों के लिए खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद कॉलोनीवासियों को अब एक महीने के भीतर शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने जा रही है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ महेंद्र बैठा और जेई आशुतोष ने पुष्टि की कि जलापूर्ति योजना जल्द चालू कर दी जाएगी।
बागबेड़ा कॉलोनी के पंचायत प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विभाग को छह सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसे कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार के निर्देश पर एसडीओ महेंद्र बैठा और जेई आशुतोष को दिया गया। इसके बाद सकारात्मक वार्ता भी हुई।
मांग पत्र में प्रमुख बिंदु
- बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को जल्द शुरू किया जाए।
- कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर 3 के 50 घरों में तुरंत जलापूर्ति बहाल की जाए।
- रोड नंबर 1 स्थित फिल्टर पंप हाउस के मोटर कक्ष की मरम्मत शीघ्र कराई जाए।
- विभागीय कार्यों में पारदर्शिता के लिए समिति की मासिक बैठकें नियमित रूप से आयोजित हों।
- समिति को आय-व्यय का विवरण सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराया जाए।
सभी बिंदुओं पर चर्चा के बाद एसडीओ महेंद्र बैठा और जेई आशुतोष ने आश्वासन दिया कि जलापूर्ति योजना एक महीने के भीतर चालू कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आय-व्यय का ब्योरा एक सप्ताह के भीतर जारी किया जाएगा और कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर 3 में जलापूर्ति जल्द बहाल की जाएगी। बैठक में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, बागबेड़ा मध्य पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि के.डी. मुंडा सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: एंट्री क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की बाइक के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार


















































