दरभंगा: बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से लोक गायिका मैथिली ठाकुर को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, टिकट घोषित होते ही पार्टी के स्थानीय नेताओं में असंतोष फैल गया है। कई स्थानीय नेता अब संजय उर्फ पप्पू सिंह के समर्थन में खड़े हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, बीजेपी के सातों मंडलों के अध्यक्षों ने मैथिली ठाकुर के खिलाफ अपनी राय दर्ज कराई है और संजय सिंह का समर्थन किया है। विरोध करने वाले मंडल अध्यक्ष हैं:
तारडीह पूर्वी – पुरुषोत्तम झा
तारडीह पश्चिमी – पंकज कंठ
घनश्यामपुर पूर्वी – सुधीर सिंह
घनश्यामपुर पश्चिमी – चंदन कुमार ठाकुर
नगर मंडल – रणजीत कुमार मिश्रा
अलीनगर पश्चिमी – गंगा प्रसाद यादव
अलीनगर पूर्वी – लाल मुखिया
स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर नाराजगी
मंडल अध्यक्षों का कहना है कि अलीनगर में संगठन को मजबूत करने वाले स्थानीय कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर बाहरी उम्मीदवार को टिकट देना उचित नहीं है। उन्होंने इसे संगठन के लिए काम करने वालों की उपेक्षा बताया।
स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो पंचायत स्तर से बूथ स्तर तक व्यापक विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि एनडीए उम्मीदवार को अलीनगर में जिताया गया, तो वे क्षेत्र में सक्रिय नहीं होंगे।
अलीनगर में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर संजय सिंह उर्फ पप्पू भइया के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि पप्पू सिंह को ही उम्मीदवार बनाया जाए।
मैथिली ठाकुर कौन हैं?
मैथिली ठाकुर ने 14 अक्टूबर को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी का पट्टा पहनाया। 25 साल की मैथिली ठाकुर बिहार के मधुबनी क्षेत्र की हैं और लोक गायिका के रूप में मशहूर हैं।


















































