5 जून को महिलाएं झाड़ू लेकर तुरामडीह माइंस गेट पहुंचें : बाघराय मार्डी
जादूगोड़ा : यूसिल की तुरामडीह ग्राम सभा की ओर से बृहस्पतिवार को फुटबॉल मैदान में विशाल सभा का आयोजन किया गया। जिसमें छह गांव के ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। सभा में मुख्य अतिथि सह झामुमो नेता बाघ राय मार्डी ने कहा कि आगामी 5 जून को तुरामडीह ग्राम सभा यूसिल प्रबंधन से बीते 29 मई को जादूगोड़ा में चार बिंदुओं पर हुए समझौते का जवाब मांगेगा। उसके बाद ही आगे के आंदोलन की घोषणा की जाएगी। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं को आंदोलन के लिए तैयार रहने की घोषणा की तथा कहा कि महिलाएं 5 जून को हाथ में झाड़ू लेकर माइंस गेट पर पहुंचें, उस दिन कभी भी आंदोलन की घोषणा हो सकती है। इस मौके पर झामुमो नेता बाघ राय मार्डी ने कहा कि तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट प्रबंधन वर्ष 1983-84 से विस्थापितों का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि आगे कंपनी प्रबंधन की मनमानी नहीं चलेगी। उनकी मांग है कि तुरामडीह माइंस में सभी बहाली ग्राम प्रधान के माध्यम से हो। तुरामडीह माइंस के समक्ष अवैध निर्माण को तोड़ने, यूसिल प्रबंधन के संरक्षण में अवैध रूप से फ्री हाजरी देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने व भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी व कर्मचारी पर कार्रवाई होनी चाहिए। सभा को सन बसु (कूदादा ग्राम प्रधान) मुखिया कान्हू मुर्मू, तालसा ग्राम प्रधान दुर्गा चरण मुर्मू, राजेंद्र नायक (ग्राम प्रधान तुरामडीह), नन्दूप ग्राम प्रधान कन्हाई गुइया, पुडिहासा ग्राम प्रधान भोक्ता हांसदा, मग्दो दिग्गी (तुरामडीह विस्थापित समिति अध्यक्ष) बन्धु हुरंग एवं दीपक पाड़िया ने भी संबोधित किया।
















































