दुबई: एशिया कप 2025 में भारत से लगातार दो मैच हारने के बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान ने तंज कसते हुए पाकिस्तानी सेना प्रमुख और क्रिकेट बोर्ड चेयरमैन पर हमला बोला है।
जेल में बंद इमरान खान ने कहा कि अगर पाकिस्तान को भारत से जीतना है, तो सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) चेयरमैन मोहसिन नकवी को ओपनिंग बल्लेबाजी करनी चाहिए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अंपायरिंग का काम पूर्व मुख्य न्यायाधीश काजी फाएज ईसा और चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा करें, जबकि तीसरे अंपायर इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सरफराज डोगर हों।
इमरान खान ने पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी को अयोग्य बताते हुए उन पर भाई-भतीजावाद से पाकिस्तानी क्रिकेट को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उनकी बहन अलीमा खान ने पत्रकारों को बताया कि भारत से लगातार हार की खबर सुनकर इमरान ने यह टिप्पणी की।
72 वर्षीय इमरान खान पहले भी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर पर अपनी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का जनादेश चुराने का आरोप लगा चुके हैं। उनका कहना है कि इसमें तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश काजी फाएज ईसा और चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा की भूमिका रही।
अगस्त 2023 से जेल में बंद इमरान खान राजनीति और क्रिकेट पर लगातार बयान देते रहते हैं। भारत से हार के बाद उनका यह नया तंज पाकिस्तान में राजनीतिक और खेल जगत दोनों जगह चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें :
Hazaribagh: ग्रामीणों की सहमति के बिना खनन नहीं होगा, देवेंद्र नाथ महतो ने दी चेतावनी


















































