बहरागोड़ा : नेशनल हाईवे 49 पर एक बार फिर तेज रफ़्तार का जानलेवा मंजर देखने को मिला। मंगलवार की शाम ‘बाला एंड संस’ कंपनी के समीप एक बेकाबू ट्रेलर ने बाइक से घर लौट रहे दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक स्थिति में पड़ोसी राज्य ओडिशा रेफर किया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरसोल थाना क्षेत्र के गुरूसाई गांव निवासी बिक्रम मुंडा (25)और तारक मुंडा (38) बहरागोड़ा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-49 पर पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और बुरी तरह लहूलुहान हो गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने फौरन सक्रियता दिखाई। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि दोनों की स्थिति चिंताजनक है।
ओडिशा के बारीपदा रेफर
सीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बिक्रम और तारक दोनों की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए **पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा (ओडिशा)रेफर कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : Bahragora : बदहाली के आंसू रो रही झरिया-बांकदह सड़क, उभरे गड्ढों से ग्रामीण परेशान



















































