गम्हरिया: गम्हरिया थाना क्षेत्र के बलरामपुर में शनिवार को छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 24 वर्षीय विवाहिता शारदा शर्मा की सोमवार को इलाज के दौरान टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में मौत हो गई। घटना को लेकर मृतका के पिता ओम प्रकाश (निवासी कोडरमा, झारखंड) ने गम्हरिया थाने में दहेज प्रताड़ना और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उन्होंने बेटी के पति नरेश शर्मा, सास और ससुर पर आरोप लगाया है कि उन्होंने शारदा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया और आखिरकार उसे छत से धक्का देकर मार डाला।
शव का पोस्टमार्टम, मायकेवाले शव लेकर लौटे कोडरमा
विवाहिता के शव को एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद मायके पक्ष शव को लेकर कोडरमा रवाना हो गया। गम्हरिया पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
दो साल पहले हुई थी शादी, एक बच्चा भी है
शारदा शर्मा की शादी वर्ष 2022 में हजारीबाग के बरकट्ठा निवासी नरेश शर्मा से हुई थी। दोनों का एक डेढ़ वर्ष का बेटा भी है। हाल ही में नरेश शर्मा अपनी पत्नी और बेटे के साथ बलरामपुर निवासी संतोष मालाकार के किराये के मकान में रहने आया था।
बताया जा रहा है कि वह गम्हरिया क्षेत्र के एक शिक्षण संस्थान में कार्यरत है। घायल होने के बाद शारदा को स्वयं नरेश ने टीएमएच में भर्ती कराया था, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें : Saraikela: पुलिस ने रोका निर्माण, दो पक्षों में ज़मीन को लेकर तनातनी