आज की महिलाएं अपनी क्षमता से कहीं अधिक शक्तिशाली हैं : मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार
गुवा :अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के समापन समारोह के अवसर पर महिला समिति द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति अध्यक्षा
शालू कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि आज की महिलाएं अपनी क्षमता से कहीं अधिक शक्तिशाली हैं। इसलिए, मुश्किल समय में कभी निराश न हों। महिला दिवस की शुभकामनाएं। महिलाएं हृदय से मजबूत होती हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई, जिसके बाद स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
समारोह के दौरान देश की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिससे वातावरण भावुक हो उठा। इसके बाद स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों के मनमोहक नृत्य और प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं महिला प्रतिभागियों ने भी अपनी मधुर गायिकी से कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान महिला समिति द्वारा दर्शकों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी ज्ञान क्षमता का परिचय दिया। इसके साथ ही कार्यक्रम के अंत में लॉटरी टिकट के माध्यम से भी पुरस्कार वितरण किया गया। बच्चों द्वारा लॉटरी टिकट निकालकर विजेताओं की घोषणा की गई, जिसने कार्यक्रम में रोमांच का तड़का लगा दिया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा देने वाली समाजसेवी महिलाओं को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समाज के प्रति समर्पण और योगदान की सराहना का प्रतीक था। कार्यक्रम का सफल संचालन महिला समिति की सचिव जयश्री नंदकोलियर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला समिति की बबली द्वारा प्रस्तुत किया गया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में गुवा सेल के सीएसआर विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार का महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग रहा, जिसकी सभी ने सराहना की।
इस मौके पर मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार, सचिव जयश्री नंदकोलियर, विशिष्ट अतिथि नोवामुंड़ी भाग एक की जिला अध्यक्ष सुश्री देवकी कुमारी, महाप्रबंधक आर.के. सिन्हा, महाप्रबंधक बी.के. सुमन, डॉ. अशोक कुमार अमन, डॉ. टी.सी. आनंद सहित बड़ी संख्या में महिला समिति की सदस्याएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम ने महिलाओं के सशक्तिकरण और प्रतिभा को मंच देने का सशक्त संदेश दिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : 58.6 किमी मनोहरपुर से बड़ाजामदा की सड़कों का हो रहा जीर्णोद्धार, आवागमन में राहगीरों को होगी सहुलियत



















































