होली पर्व को लेकर उत्पाद विभाग ने चलाया छापेमारी अभियान
जमशेदपुर : आसन्न होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब की बिक्री एवं निर्माण के विरुद्ध उत्पाद विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्यूबगेट के समीप स्थित मुखी बस्ती में सुशांत मुखी के घर पर औचक छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान झारखंड राज्य में प्रतिबंधित King’s Gold ब्रांड की व्हिस्की की दो कार्टन सहित कुल 18 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद कर जब्त की गई। छापेमारी दल के पहुंचने से पूर्व आरोपी को सतर्क कर देने के कारण वह मौके से फरार हो गया। अभियुक्त सुशांत मुखी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं परसुडीह थाना क्षेत्र के कालीमाटी टोला, सोपोडेरा में अवैध चुलाई शराब की बिक्री की सूचना पर की गई छापेमारी में गौतम कुमार खटुआ उर्फ बबलू के घर से 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। संबंधित अभियुक्त के विरुद्ध भी उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। होली पर्व के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में जमशेदपुर से दो गिरफ्तार, अपराधियों को फंडिंग करने का है आरोप