जमशेदपुर: भारत की प्रमुख निर्माण सामग्री कंपनी न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2026 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2025) में अब तक का सर्वाधिक समेकित एबिटिडा दर्ज किया है. इस दौरान कंपनी ने 533 करोड़ रुपये का एबिटिडा अर्जित किया, जो उसके इतिहास में सर्वाधिक है.
कंपनी की समेकित सीमेंट बिक्री 5.1 मिलियन मीट्रिक टन रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है. कुल परिचालन आय 9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,873 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
वडराज अधिग्रहण से क्षमता में होगा बड़ा विस्तार
न्युवोको द्वारा वडराज सीमेंट लिमिटेड के अधिग्रहण को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस सौदे के सफल समापन के बाद, वित्त वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही तक कंपनी की उत्पादन क्षमता 31 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष हो जाएगी. इससे न्युवोको भारत की पाँचवीं सबसे बड़ी सीमेंट निर्माता बनी रहेगी. यह अधिग्रहण पूर्वी भारत में कंपनी की पहले से मजबूत स्थिति को कायम रखते हुए पश्चिम और उत्तर भारत में बाजार विस्तार की योजना का हिस्सा है.
कर्ज में कमी, मुनाफे में मजबूती
न्युवोको ने अपने डीलीवरेजिंग एजेंडा के अंतर्गत शुद्ध ऋण को 884 करोड़ रुपये घटाकर 3,474 करोड़ रुपये कर दिया है. कंपनी के प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी 41 प्रतिशत तक पहुंच गई है, और 76 प्रतिशत का मजबूत बिजनेस मिक्स भी हासिल हुआ है — जो बीते 13 तिमाहियों में सबसे ऊंचा है.
पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी आगे
सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में भी न्युवोको ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है. प्रति टन सीमेंट उत्पादन में कार्बन उत्सर्जन को घटाकर 453.8 किलोग्राम किया गया है, जो पिछले वर्ष 457 किलोग्राम था.
कंपनी के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा, “हमने प्रीमियम उत्पादों, बेहतर बिजनेस मिक्स और लागत दक्षता की रणनीति पर चलते हुए इस तिमाही में बेहतरीन नतीजे हासिल किए हैं. वडराज अधिग्रहण के साथ हम पश्चिम भारत में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करने के लिए तैयार हैं.”
इसे भी पढ़ें :
There is no ads to display, Please add some


















































