जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 16 में शुक्रवार देर शाम एक स्कॉर्पियो चालक ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि वाहन बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो (संख्या JH 10 BS 4040) मानगो की ओर से परडीह की दिशा में तेज रफ्तार से जा रही थी। रोड नंबर 16 के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े दो युवकों और एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गाड़ी सीधे खंभे से जा टकराई।
भीड़ ने चालक को पीटा, पुलिस ने बचाया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जब देखा कि चालक शराब के नशे में था, तो गुस्से में आकर उसकी पिटाई कर दी। इसी बीच टाइगर मोबाइल टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर थाने ले गई।
पुलिस ने की कार्रवाई, लोगों से अपील
थाना प्रभारी ने बताया कि चालक पूरी तरह नशे में था। वाहन जब्त कर लिया गया है और चालक के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने तथा लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी हादसे के बाद कानून अपने हाथ में न लें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि इस सड़क पर रात में अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। लोगों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: टाटा मोटर्स के DGM ने लगाया था 24.5 लाख के हेरफ़ेर का आरोप, तीन साल बाद कर्मचारी बरी














































