जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला और मुसाबनी प्रखंड को ‘आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम’ के तहत नीति आयोग द्वारा संचालित ‘संपूर्णता अभियान’ में उल्लेखनीय सफलता मिली है. टाउन हॉल, सिदगोड़ा में आयोजित सम्मान समारोह में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले और प्रखंड के अधिकारियों, कर्मियों तथा फ्रंटलाइन वर्करों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
जिले को पांच मुख्य सूचकों—गर्भवती और धात्री माताओं के बीच पोषाहार वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड वितरण, बच्चों का पूर्ण टीकाकरण, माध्यमिक स्कूलों का विद्युतीकरण और सरकारी स्कूलों में एक माह के भीतर पुस्तक वितरण—में शत-प्रतिशत उपलब्धि दर्ज करने पर सिल्वर मेडल से नवाजा गया है.
मुसाबनी प्रखंड ने भी गर्भवती माताओं की एएनसी जांच, पोषाहार वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड वितरण, डायबिटीज और हाइपरटेंशन की स्क्रीनिंग जैसे क्षेत्रों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया, जिसके लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी अदिति गुप्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में बहरागोड़ा के बीडीओ केशव भारती, जमशेदपुर सदर के सुमित प्रकाश, बोड़ाम के किकू महतो, घाटशिला की यूनिका शर्मा और पिरामल फाउंडेशन के फेलोज को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. जिले भर से 110 अन्य कर्मचारियों को भी उनके योगदान के लिए सराहना मिली.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल आंकड़ों की नहीं, बल्कि प्रशासनिक समर्पण और जिम्मेदारी की भी प्रतीक है. उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति एक दिन की भी देरी के बिना योजनाओं का लाभ पाए. उन्होंने इसे प्रशासन की संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का मूल मानक बताया.
समारोह में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, एनईपी के निदेशक संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जिला योजना पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, डीआईओ किशोर प्रसाद, जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें : यौन शोषण के आरोप में उलझे UCIL CMD, घाटशिला कोर्ट में दर्ज हुआ मामला