जमशेदपुर: शनिवार तड़के एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा के पास एनएच-33 पर बड़ा सड़क हादसा हुआ। कोलकाता से रांची जा रही एक यात्री बस मिथिला मोटर्स के पास एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
हादसे में दो यात्री घायल, बस का अगला हिस्सा चकनाचूर
इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन दो यात्रियों को हल्की चोटें आईं। जानकारी के मुताबिक, एनएच-33 पर बने कट से ट्रेलर सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार बस उसकी बाईं ओर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मुख्य दरवाजा लॉक हो गया, जिससे यात्री अंदर फंस गए। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर उस समय सो रहे थे। अचानक झटके से बस में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाया यात्रियों को
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर साइड के दरवाजे से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। हादसे के बाद एनएच-33 पर लंबा जाम लग गया, जिसे क्रेन की मदद से बस हटाकर लगभग ढाई घंटे बाद सुबह छह बजे खुलवाया गया।
ट्रेलर चालक फरार, बस जब्त
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। बस को जब्त कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
घायल यात्रियों का स्थानीय नर्सिंग होम में इलाज के बाद घर भेज दिया गया, जबकि बाकी यात्रियों को दूसरी बस से रांची रवाना किया गया।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: MGM मेडिकल कॉलेज में हॉस्टल विवाद खत्म, छात्रों को मिली राहत
There is no ads to display, Please add some


















































