जमशेदपुर: जमशेदपुर में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि लोग घर के बाहर वाहन खड़ा करने से भी डरने लगे हैं। ताजा मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह ए ब्लॉक से सामने आया है।
मोहम्मद मेहफूज आलम (33) ने थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि उनके मित्र सऊदी अरब गए हुए हैं और अपनी बाइक (जेएच05सीयू 9239) उन्हें चलाने के लिए दे गए थे। 30 नवंबर की शाम करीब 6.30 बजे वे बाइक को घर के नीचे पार्क कर ऊपर चले गए। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे जब वह नमाज के लिए मस्जिद जाने लगे तो पाया कि बाइक गायब है।
![]()
इधर-उधर खोजबीन के बाद उन्होंने स्थानीय सीसीटीवी फुटेज देखा। इसमें रात करीब 11.41 बजे एक अज्ञात चोर बाइक का लॉक तोड़कर उसे ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है। चोर की पूरी गतिविधि फुटेज में रिकॉर्ड हुई है, जिससे पुलिस को सुराग मिल सकता है।
पीड़ित ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी से शिकायत कर बाइक बरामद करने और चोर की पहचान कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।