धनबाद: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज धनबाद पहुंच रही हैं. वे आइआइटी-आइएसएम के 45वें दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि होंगी. शहर को इस भव्य अवसर के लिए आकर्षक ढंग से सजाया गया है और सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.
तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति पूर्वाह्न 11:40 बजे दुर्गापुर एयरपोर्ट से उड़ान भरकर बरवाअड्डा एयरपोर्ट पर उतरेंगी. वहां से वे सड़क मार्ग से सीधे आइआइटी-आइएसएम पहुंचेंगी. कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति दोपहर 3 बजे धनबाद से रवाना होंगी.
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं. शहर में 8 आईपीएस, 25 डीएसपी और लगभग 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. गुरुवार को एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर ने बरवाअड्डा एयरपोर्ट पर ट्रायल लैंडिंग और टेकऑफ भी किया. पुलिस ने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक ड्राई रन पूरा किया.
1880 छात्रों को मिलेंगी डिग्रियाँ, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
दीक्षांत समारोह में कुल 1880 छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी. इनमें से 20 गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं मेडल और डिग्री देंगी. समारोह के दौरान राष्ट्रपति का प्रेरणादायक संबोधन भी होगा.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand : 15 साल से अधिक सेवा करने वाले अस्थायी कर्मियों को मिलेगा पेंशन का हक, हाईकोर्ट का बड़ा आदेश