जमशेदपुर: पोटका में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम जमशेदपुर के संयुक्त प्रयास से मानसिक रोगियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार गिरी और ताजीन कुल्लू उपस्थित रहे।
यह चिकित्सा शिविर विगत डेढ़ साल से बंद था, जिसे पिछले माह से पुनः शुरू किया गया है। इस आयोजन में कुल 52 मरीजों की जांच की गई और दवा वितरण किया गया। इसमें 48 पुराने मरीज और 4 नए मरीज शामिल थे।
ग्रामीणों ने बताया कि शिविर के नियमित होने से अब मानसिक रोगियों को माह के तीसरे मंगलवार को पोटका में नियमित जांच और दवा मिल सकेगी। अगला शिविर 18 नवंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा।

शिविर के सफल आयोजन में डॉ. दीपक कुमार गिरी, ताजीन कुल्लू, सीएचसी प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़ (पोटका) और डालसा के पीएलवी सदस्य जैसे चयन कुमार मंडल, डोबो चकिया, छाकु माझी, ललिता पुरान, मीरा मंडल, ज्योत्सना गोप, बसंती सरदार और सुमित कुमार गोप ने मदद की।
मानसिक रोगी और उनके परिजन इस पहल से बहुत खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि अब उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए दूर-दराज के शहरों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


















































