- हाता चौक से वारदात के बाद सुंदरनगर की ओर भाग रहे थे आरोपी
पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के हाता चौक से ट्रक चालक से चाकू की नोंक पर छिनतई कर फरार हो रहे जमशेदपुर के दो अपराधियों को पोटका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बर्मामाइंस निवासी विक्की सिंह और टुइलाडुंगरी निवासी आसिफ खान के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए जादूगोड़ा इंस्पेक्टर सह पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि दो अपराधी हाता चौक से एक ट्रक चालक से छिनतई कर पल्सर मोटरसाइकिल से सुंदरनगर की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पोटका पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की।
इसे भी पढ़ें : Dhalbhumgarh : धालभूमगढ़ के कानस गांव में नाबालिग की संदिग्ध मौत, गांव में शोक का माहौल
सूचना के आधार पर पोटका पुलिस ने सुंदरनगर थाना पुलिस के सहयोग से तुड़ी फुटबॉल मैदान के समीप घेराबंदी कर दोनों अपराधियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से ट्रक चालक का पर्स, पर्स में रखे 4,080 रुपये नकद, ड्राइविंग लाइसेंस, घटना में प्रयुक्त दो चाकू तथा पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई में पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार मुंडा, अवर निरीक्षक सुनील टूटी, बाबुजन बास्की समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
There is no ads to display, Please add some



















































