सरायकेला: आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में अनाबद्ध निधि (ANB) और जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास (DMFT) के तहत स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपविकास आयुक्त रीना हांसदा, DRDA निदेशक डॉ. अजय तिर्की, जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, विभिन्न कार्यपालक अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने ANB और DMFT मद से स्वीकृत योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति और पूर्व निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों और संवेदकों को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2023–24 एवं 2024–25 की लंबित योजनाएँ फरवरी 2026 तक पूर्ण होनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं में प्रगति धीमी है, वहां संबंधित विभाग और संवेदकों के बीच समन्वय स्थापित कर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर नियम सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें तत्काल संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया जाए। साथ ही, लंबित भुगतान भी नियमानुसार यथाशीघ्र पूरा किया जाए ताकि अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन में गति बनी रहे।
उन्होंने सभी कार्यकारी एजेंसियों से यह भी कहा कि सभी योजनाओं की समय-सीमा, गुणवत्ता, भौतिक प्रगति और कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट जिला मुख्यालय को नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए।