सरायकेला : दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल ने “जनजातीय गौरव दिवस-2025” और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए। इस आयोजन में जन-जागरूकता, सांस्कृतिक और प्रेरणादायी गतिविधियों के माध्यम से बिरसा मुंडा के जीवन और आदिवासी गौरव को उजागर किया गया।
SERSA, आद्रा द्वारा आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में मंडल के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने “एकता, साहस एवं अनुशासन” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

बोकारो स्टील सिटी (BKSC) स्टेशन पर जन-जागरूकता हेतु आयोजित नुक्कड़ नाटक में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, नेतृत्व और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। यह प्रदर्शन उपस्थित यात्रियों और आम नागरिकों द्वारा खूब सराहा गया।
दक्षिण पूर्व रेलवे मिश्रित उच्च विद्यालय (कैम्पस–I), आद्रा में विद्यार्थियों ने चित्रांकन और रंगोली प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उन्होंने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से बिरसा मुंडा के जीवन, आदर्शों, संघर्ष और बलिदान को प्रदर्शित किया।
आद्रा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर PA सिस्टम के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायी संदेश और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी घोषणाएँ प्रसारित की गईं। इससे यात्रियों और आम जनता में जनजातीय गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना और प्रबल हुई।
इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान को उजागर करना और समाज में जागरूकता, एकता एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करना है।