पोटका: पोटका प्रखंड के पावरु गांव में ग्राम सभा के लोगों ने अपने संवैधानिक अधिकारों को प्रदर्शित करते हुए ‘हमारा गांव, हमारा राज’ के नारों के साथ स्थापना दिवस मनाया। मुख्य सड़क पर लगाये गए बोर्डों पर ग्राम सभा द्वारा जल, जंगल और जमीन पर पूर्ण अधिकार को स्पष्ट रूप से अंकित किया गया।
गांव गणराज्य परिषद के अध्यक्ष कुमार चंद्र मार्डी, जयपाल सिंह भूमिज, लख्खी चरण सरदार, आनंद पाल और मानिक सरदार ने कहा कि पावरु गांव में किसी बाहरी व्यक्ति का राज नहीं चलेगा। सभी ने संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों को सुरक्षित रखने और गांव की धरोहर की रक्षा करने का संकल्प लिया।
स्थापना दिवस समारोह में ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा पहनकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। बोर्ड को प्रमुख स्थान पर स्थापित किया गया ताकि गांव में प्रवेश करने से पहले सभी लोग इसे पढ़ें और बिना ग्राम सभा की अनुमति जल, जंगल और जमीन पर किसी भी तरह का हस्तक्षेप न कर सकें।
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने नारे लगाकर अपने संकल्प को प्रकट किया और यह संदेश दिया कि पावरु ग्राम सभा अपने अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए हमेशा सतर्क और सक्रिय रहेगी।
There is no ads to display, Please add some



















































