गुवा: भारत के प्रतिष्ठित अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने छात्राओं के लिए सालाना 30,000 रुपए की स्कालरशिप का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। यह राशि ट्यूशन फीस या शिक्षा से जुड़े अन्य खर्चों के लिए इस्तेमाल की जा सकेगी।
मनोहपुर स्थित सामाजिक संस्था फीया फाउंडेशन इस स्कालरशिप के पहले चरण में युद्धस्तर पर छात्राओं का रजिस्ट्रेशन कर रही है। संस्था की टीम इंटरमीडिएट स्कूल और कॉलेजों में जाकर छात्राओं से संपर्क कर रही है। साथ ही, संस्था का मनोहपुर, डोंगाकटा स्थित कार्यालय भी रजिस्ट्रेशन के लिए खुला है। रोजाना दर्जनों छात्राएं आवेदन कराने पहुंच रही हैं, जिससे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है।
स्कालरशिप की विशेषताएं
अवधि: स्नातक पाठ्यक्रम (डिग्री या डिप्लोमा) की पूरी अवधि के लिए।
पात्रता:
छात्रा ने कक्षा 10 और 12 किसी सरकारी स्कूल से पूरी की हो।
छात्रा भारत के किसी भी राज्य/केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी या मान्यता प्राप्त निजी कॉलेज/विश्वविद्यालय में 2025-26 शैक्षणिक सत्र में डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया हो।
लक्ष्य क्षेत्र: अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड।
आवेदन की समयसीमा
पहला चरण: 10 सितंबर से 30 सितंबर 2025
दूसरा चरण: 10 जनवरी से 31 जनवरी 2026
संस्था के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संजय सोरेंग ने बताया कि आवेदन पूरी तरह निःशुल्क हैं और केवल अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
अजीम प्रेमजी स्कालरशिप का उद्देश्य जरूरतमंद छात्राओं को कॉलेज शिक्षा प्राप्त करने में मदद करना है और उन्हें भविष्य में सशक्त बनाने का अवसर देना है।
इसे भी पढ़ें :
Chaibasa: गुवा के आठ पंडालों में खुला मां का पट, श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतारें