जमशेदपुर: आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर डिगनिटी के पास की गली में एक बार फिर छिनतई की घटना सामने आई। इस बार शिकार बना एक आईसक्रीम बेचने वाला व्यक्ति, जिसके साथ तीन युवकों ने करीब 1500 रुपये नकद और एक रेडमी मोबाइल फोन छीन लिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित समता नगर से भुइयाडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान डिगनिटी के बगल वाली गली में तीन युवकों ने उसे घेर लिया और जबरदस्ती रुपये व मोबाइल छीनकर भागने लगे। पीड़ित के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया।
सूचना मिलते ही टाइगर मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से भाग रहे तीन में से दो आरोपी – कलीम और जिलानी को पकड़ लिया गया। दोनों को आज़ाद नगर थाना लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। वहीं, तीसरा आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। पुलिस का मानना है कि इस तरह की वारदातों के पीछे कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय हैं, जिन पर जल्द शिकंजा कसा जाएगा।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: बारीगोड़ा की 16 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, बरामद हुआ नया मोबाइल फोन
There is no ads to display, Please add some


















































