जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामुदायिक और जनहित से जुड़ी समस्याएं रखीं।
इस मौके पर आए आवेदनों में पारिवारिक पेंशन, दिव्यांगजन लाभ, चौकीदार नियुक्ति, पेयजल, आवास, सड़क निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। इसके साथ ही कुछ सामाजिक मुद्दों से संबंधित ज्ञापन भी उपायुक्त को सौंपे गए।
उपायुक्त ने कई आवेदनों का तत्काल समाधान किया और संबंधित विभागों को शेष मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान समय सीमा के भीतर किया जाएगा ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
सत्यार्थी ने स्पष्ट कहा कि जनहित और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत पर पारदर्शी और प्राथमिकता-आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करें।


















































