जमशेदपुर: जमशेदपुर में कार्यरत एटीएम सुरक्षा गार्ड्स ने डब्ल्यूडब्ल्यूएसओ कंपनी, एएलसी (चाईबासा) और आरबीओ (जमशेदपुर) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कंपनी सरकारी नियमों की अनदेखी करते हुए कम वेतन दे रही है और भुगतान में लगातार देरी कर रही है।
गार्ड्स ने बताया कि सरकार ने एटीएम गार्ड्स के लिए 783 रुपये प्रतिदिन का भुगतान तय किया है, लेकिन कंपनी उन्हें सिर्फ 504 रुपये प्रतिदिन दे रही है। इस संबंध में उन्होंने विधायक सरयू राय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पर 34 गार्ड्स के हस्ताक्षर हैं।
सरयू राय के अनुपस्थित रहने पर यह ज्ञापन जदयू के वरीय नेता आशुतोष राय ने स्वीकार किया।
गार्ड्स ने आरोप लगाया कि उन्हें हर महीने की 7 तारीख तक वेतन मिलना चाहिए, लेकिन भुगतान 20-25 दिन की देरी से किया जाता है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है।
गार्ड्स ने यह भी कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और डब्ल्यूडब्ल्यूएसओ कंपनी के बीच बिना टेंडर प्रक्रिया के एग्रीमेंट को 2026 तक बढ़ा दिया गया, जबकि पुराना अनुबंध जनवरी 2025 तक ही वैध था। गार्ड्स ने इसे नियमों का उल्लंघन बताया है।
जदयू नेता आशुतोष राय ने कहा कि SBI के वरिष्ठ अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि डब्ल्यूडब्ल्यूएसओ कंपनी अपने कर्मचारियों का शोषण न करे। उन्होंने कहा, “ऐसी गतिविधियों से बैंक और कंपनी दोनों की साख पर असर पड़ता है। प्रशासन को इसकी गंभीरता से जांच करनी चाहिए।”
इसे भी पढ़ें :
West Singhbhum: दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस में चाकूबाजी — 1 की हालत नाजुक, 7 घायल


















































