सरायकेला: उपायुक्त सरायकेला के निर्देशानुसार उत्पाद विभाग ने जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की है। कांड्रा थाना क्षेत्र के मोहनपुर जंगल और रायपुर गांव में आज उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान 80 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई और 1100 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया।

अड्डा संचालकों की पहचान मोटू टुडू और जयपाल हांसदा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला सौरभ तिवारी ने बताया कि जिले में अवैध शराब पर लगातार सतत छापेमारी और गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत उत्पाद विभाग या नजदीकी थाना को बताएं, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होने यह भी कहा कि त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी और अवैध शराब के मामलों में शून्य सहनशीलता नीति के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


















































