जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह कानू भट्ठा इलाके में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सोनू सिंह की कार को शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। यह घटना रविवार अहले सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोनू सिंह की चारपहिया वाहन उनके घर के पास खड़ी थी। उसी दौरान अचानक गाड़ी में आग लग गई। उस समय सोनू सिंह घर के अंदर सो रहे थे। शोर सुनकर जब वे बाहर निकले तो देखा कि कार पूरी तरह जल रही है।
स्थानीय लोगों और पड़ोसियों की मदद से आग पर पानी और बालू डालकर किसी तरह काबू पाया गया। तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान हो सके।















































