जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के चौक बाजार स्थित बाटा चौक में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जेम्स हाउस नामक दुकान में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात हो गई। दुकान खुला होने और साफ–सफाई चलने के दौरान एक युवक मौका पाकर अंदर घुसा और पेटी का ताला तोड़कर 10 से 12 लाख रुपये के नीलम, पुखराज, पन्ना सहित अन्य कीमती रत्न लेकर फरार हो गया।
घटना तब हुई जब दुकान मालिक करण सिंह शौच के लिए बाहर गए थे और कर्मचारी पास की दुकान से सामान लेने निकले थे। इसी दौरान युवक ने खुला दुकान देखकर पेटी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

चौक बाजार में यह लगातार तीसरी चोरी है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में काफी आक्रोश देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची, जहां व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर असंतोष जताया।
पुलिस ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और फुटेज में दिख रहे आरोपी की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों ने इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।


















































