झाड़ग्राम : अवैध लकड़ी कारोबार और वन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को झाड़ग्राम जिले के सांकराइल ब्लॉक में वन विभाग और पुलिस ने कई आरा मिलों का औचक निरीक्षण किया। यह संयुक्त अभियान खड़गपुर वन प्रमंडल के कलाईकुंडा रेंज और सांकराइल थाना पुलिस की ओर से चलाया गया।
अभियान के दौरान कुलटिकरी और रोहिणी समेत विभिन्न इलाकों में स्थित आरा मिलों की जांच की गई। कार्रवाई में झाड़ग्राम जिला पुलिस की डीएसपी (डीएनटी) श्रेया सरकार, कलाईकुंडा रेंज अधिकारी प्रणय सरकार और सांकराइल थाना प्रभारी सौमेन सिन्हा महापात्र समेत वन विभाग और पुलिस के अधिकारी व बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे।
जांच के दौरान आरा मिलों के लाइसेंस, लाइसेंस के नवीनीकरण, मिल में रखी लकड़ियों की वैधता तथा लकड़ी के लट्ठों पर निर्धारित हैमर मार्क या सरकारी पहचान चिह्न की जांच की गई। इसके अलावा चिरी हुई लकड़ी के परिवहन में इस्तेमाल होने वाली ट्रॉलियों और उनसे संबंधित दस्तावेजों की वैधता भी देखी गई। लकड़ी के परिवहन को लेकर सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने आरा मिल मालिकों को किसी भी तरह की अवैध गतिविधि से दूर रहने तथा निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान जिन आरा मिलों में अनियमितता या दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई, उनके मालिकों को नोटिस जारी किया गया है।
वन विभाग और पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार की कार्रवाई एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। आने वाले दिनों में सांकराइल ब्लॉक के विभिन्न आरा मिलों में इसी तरह की संयुक्त जांच और निगरानी अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध लकड़ी कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों तथा नियमों का उल्लंघन कर संचालित आरा मिलों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम होटल ओनर्स एसोसिएशन की पहल पर झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में चलाया गया सफाई अभियान



















































