बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के एनएच 18 व एनएच 49 के संगम स्थल पर बने बायपास सड़क के ढलाई कार्य का सोमवार को शुभारंभ हुआ. इस दौरान घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद एवं डीएसपी अजीत कुमार कुजूर ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
स्थानीय लोगों ने जताई शिकायतें, अधिकारी बने सख्त
स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों को सड़क के गलत डिजाइनिंग, धूल उड़ने और कीचड़ के कारण हो रही असुविधा के बारे में विस्तार से अवगत कराया। अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण कंपनी के कर्मचारियों और एनएचआई के साइड इंजीनियर को समस्या के समाधान हेतु कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साइड इंजीनियर ने दिया समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का आश्वासन
एनएचआई के साइड इंजीनियर घनश्याम कुमार ने कहा कि बायपास सड़क के ढलाई का काम निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव भी बढ़ाया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।
निर्माण कंपनी ने गुणवत्ता पर जताया भरोसा
निर्माणाधीन कंपनी के साइड इंचार्ज राजकुमार सिंह ने कहा कि ढलाई का कार्य आज से शुरू हो चुका है और सड़क निर्माण उच्च गुणवत्ता के मानकों के अनुसार किया जा रहा है।
इस निरीक्षण कार्यक्रम में तापस कुमार महापात्र, निर्मल कुमार दुबे, तरुण कुमार मिश्र, अरुण पैड़ा, आशीष मित्र सहित सैकड़ों स्थानीय लोग उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : Saraikela: कपूर बागी के घर पहुँचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दी श्रद्धांजलि




















































