बहरागोड़ा: टीपीएस डीएवी पब्लिक स्कूल, बहरागोड़ा में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित हुआ। विद्यालय की अध्यक्षा डॉ. बिनी षाडंगी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के साथ ही ‘जय हिंद’ के नारे गूंज उठे और परिसर तिरंगे के रंग में रंग गया।
डॉ. बिनी षाडंगी ने अपने प्रेरक भाषण में आज़ादी के संघर्ष की कहानियां सुनाते हुए उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आज़ाद कराया। उन्होंने कहा कि पूर्वजों के बलिदान को याद करके ही स्वतंत्रता दिवस का असली महत्व समझा जा सकता है।
विद्यालय के प्राचार्य मुकेश कुमार ने भी अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता और त्याग को रेखांकित किया।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक और भाषण प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विभिन्न कक्षाओं के बच्चों ने तिरंगा लहराते हुए प्रभात फेरी निकाली और ‘वंदे मातरम्’ व ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल गूंजा।
कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण के साथ हुआ, जहां देशभक्ति और उत्साह का माहौल पूरे दिन छाया रहा।