नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 10 और 12 की प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटर्नल असेसमेंट परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी है। शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूलों के लिए ये परीक्षाएं 6 नवंबर 2025 से 6 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, देश और विदेश के अन्य सभी संबद्ध स्कूलों में ये परीक्षाएं 1 जनवरी 2026 से शुरू होंगी।
बोर्ड ने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि जनवरी में शीतकालीन अवकाश के दौरान कई स्कूल बंद रहते हैं। ऐसे में शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूलों में परीक्षाएं समय से पहले आयोजित की जाएंगी, ताकि किसी भी तरह की बाधा न आए।
सीबीएसई ने इस संबंध में एक विस्तृत नोटिस जारी करते हुए बताया कि सभी स्कूलों को परीक्षा उपनियमों और अध्ययन योजना के प्रावधानों के अनुसार ही परीक्षाएं आयोजित करनी होंगी। इसके लिए बोर्ड ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इनमें अंक अपलोड करने, बाहरी परीक्षक की नियुक्ति, प्रैक्टिकल की उत्तर पुस्तिकाओं के प्रबंधन, अनुचित साधनों पर नियंत्रण और परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी गई है।
बोर्ड ने स्कूलों को कुछ जरूरी निर्देश भी दिए हैं। सभी स्कूलों को उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि केवल वही छात्र परीक्षा में शामिल हों जिनके नाम ऑनलाइन LOC (List of Candidates) में दर्ज हैं। कक्षा 10 के इंटर्नल असेसमेंट (IA) केवल एक बार होंगे और स्कूलों को तय समय के भीतर अंक अपलोड करने होंगे।
इसके अलावा, बाहरी परीक्षकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के लिए स्कूलों को अपने क्षेत्रीय कार्यालय से समन्वय करना होगा। परीक्षा समय पर पूरी की जाए और प्रैक्टिकल की उत्तर पुस्तिकाएं क्षेत्रीय कार्यालयों को भेजी जाएं।
छात्र और स्कूल प्रशासक सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर पूरा नोटिस और दिशा-निर्देश देख सकते हैं।
There is no ads to display, Please add some



















































