गुवा : शनिवार देर शाम ॐ शांति स्थल मंदिर के पास स्थित तीखे मोड़ पर एक भारी लोडेड लाइन ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और गार्डवाल से जा टकराया. टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक सड़क के बीचोंबीच अटक गया, जिससे दोनों ओर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
हादसे के समय घाटी क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था. दृश्यता इतनी कम थी कि ट्रक चालक को आगे का मोड़ साफ नजर नहीं आया. नतीजतन, वह सीधे मोड़ पर चढ़ गया और ट्रक गार्डवाल से जा भिड़ा.
सड़क पर ट्रक फंसे रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालांकि हादसे में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई, लेकिन यात्री और वाहन चालक घंटों परेशान रहे.
घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरु थाना प्रभारी रोहित कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ट्रक को खींचकर हटाने का कार्य शुरू किया गया. कुछ देर की मशक्कत के बाद सड़क को साफ किया गया और यातायात फिर से बहाल हो सका.
इसे भी पढ़ें : Saraikela: आवारा कुत्ते ने मचाया कोहराम, एक ही दिन में छह लोग घायल