देवघर: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर देवघर के बैंक कर्मचारियों ने मंगलवार को बरमसिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रशासनिक कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में एसबीआई के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए.देवघर इकाई के संयोजक मुन्ना कुमार झा ने बताया कि यह आंदोलन देशभर में बैंकिंग क्षेत्र के कर्मचारियों और अधिकारियों की बढ़ती समस्याओं, सरकार की कर्मचारी-विरोधी नीतियों और लंबित मांगों को लेकर किया जा रहा है. प्रदर्शन में प्रमुख रूप से बैंकों में पर्याप्त भर्ती, अस्थायी कर्मचारियों का नियमितीकरण, पांच दिवसीय कार्य दिवस की घोषणा, निदेशक मंडल में कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व, और आईडीबीआई बैंक के निजीकरण पर रोक जैसी मांगों को उठाया गया.
मुख्य मांगों में कई महत्वपूर्ण मुद्दे:
प्रदर्शन में कर्मचारियों ने कई महत्वपूर्ण मांगों को उठाया, जिनमें बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, ग्रेच्युटी सीमा 25 लाख तक बढ़ाना और उसे आयकर मुक्त करना, प्रदर्शन आधारित वेतन नीति का विरोध, और बैंकिंग नीतियों में अति हस्तक्षेप का विरोध शामिल है. इसके अलावा, नियमित पदों पर आउटसोर्सिंग पर रोक और कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण की मांग भी की गई.
आगामी संघर्ष और प्रदर्शन:
मुन्ना कुमार झा ने बताया कि 11 मार्च को देश भर के सभी बैंकों के मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालयों और शाखाओं में प्रदर्शन होगा. इसके अलावा, 24-25 मार्च को 48 घंटे की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल भी आयोजित की जाएगी.इस प्रदर्शन में देवघर इकाई के संयोजक मुन्ना कुमार झा, भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी संघ के उपमहासचिव धीरज कुमार, अधिकारी संघ के आंचलिक सचिव विभु प्रकाश, अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, और सैकड़ों अन्य एसबीआई कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : Deoghar: डीसी ने रुकवाया 15 साल की बच्ची का बाल विवाह, बची एक जिंदगी
There is no ads to display, Please add some




















































