गुवा : बड़ाजामदा-किरीबुरू-सैंडल-मनोहरपुर मुख्य सड़क मार्ग पर बुधवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। झाड़बेड़ा गांव के समीप एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर जाने से अहले सुबह करीब 3 बजे से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। तेज हवा और लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक पेड़ गिरने से यह मुख्य सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है, जिससे प्रतिदिन खनन कार्य, माल परिवहन और आम लोगों का आवागमन होता है। सड़क बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रक, बस, निजी वाहन और बाइक सवार घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। कई लोग जरूरी काम से घर से निकले थे, लेकिन अचानक रास्ता बंद होने के कारण उन्हें बीच रास्ते में ही रुकना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में ही आंधी और बारिश के कारण पेड़ गिर गया था, लेकिन अंधेरा होने की वजह से उसे तुरंत हटाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को अवगत कराया गया।
टीम मौके पर पहुंचकर सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने में जुट गई है। फिलहाल कटाई और सफाई का काम जारी है, और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही सड़क पर आवागमन सामान्य हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल में बहाली में अनियमितता का आरोप, सशक्त संयुक्त मोर्चा ने जताया विरोध



















































