जमशेदपुर : उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को जिला आयुष समिति की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ऑस्टियोअर्थराइटिस कैंप, वयोमित्र कैंप, आयुर्विद्या करुणा, आयुष ग्राम, आदिम जनजातीय समुदाय के बीच मासिक स्वच्छता कार्यक्रम समेत अन्य आयुष आधारित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल संचालन पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने राज्य से प्राप्त राशि के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर सभी प्रखंडों एवं विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कैंप के माध्यम से बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को आयुष चिकित्सा पद्धति, योग, जीवनशैली एवं स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में कदमा स्थित नवनिर्मित 50 शय्यायुक्त धनवंतरी आयुष अस्पताल की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अस्पताल में आवश्यक विद्युत कनेक्शन एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं शीघ्र सुनिश्चित करते हुए अस्पताल को जल्द से जल्द आमजनों के लिए शुरू करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जिले के दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों एवं आदिम जनजातीय समुदाय के बीच विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाए, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं तक लोगों की पहुंच अपेक्षाकृत कम है। शिविरों में स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परामर्श, आयुष चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ स्वच्छता, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी संचालित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला आयुष समिति के उपाध्यक्ष सह उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी के प्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (JSLPS), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



















































