पोटका : सामाजिक संस्था युवा (यूथ फॉर यूनिटी एंड वॉलंटरी एक्शन) की ओर से होटल बुलेवार्ड, बिष्टुपुर में बाल विवाह रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। “बाल विवाह रोकथाम में पंचायत, समुदाय एवं जिला हितधारकों की भूमिका, समन्वय एवं जवाबदेही” विषय पर आयोजित कार्यशाला में प्रशासन, पुलिस, वन स्टॉप सेंटर, डालसा, मीडिया, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और किशोरी लीडरों ने भाग लिया। युवा की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती ने कहा कि बाल विवाह केवल कानूनी नहीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा गंभीर सामाजिक मुद्दा है। साइबर थाना के अमित अभिषेक ने समय रहते बाल विवाह की सूचना पुलिस और संबंधित विभागों तक पहुंचाने की अपील की। वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता ने जागरूकता और सामाजिक सोच में बदलाव के लिए मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। प्रतिभागियों ने ग्राम सभा, बाल सभा और महिला सभा के एजेंडे में बाल विवाह रोकथाम को नियमित रूप से शामिल करने पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : झामुमो ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि



















































