झाड़ग्राम : अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को झाड़ग्राम जिले में न्यू इंडिया लिटरेसी प्रोग्राम (NILP) यानी नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। जिला प्रशासन के ओर से झाड़ग्राम जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वयस्क शिक्षा और निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने की दिशा में कार्यक्रम की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई ।
कार्यक्रम में झाड़ग्राम जिला परिषद की अध्यक्ष गौरी तालधी, झाड़ग्राम विधानसभा के विधायक लक्ष्मीकांत साउ, एडीएम (एल.ए.) भरत सिंह, आईएएस, मास एजुकेशन की ओसी अनिशा यश, डब्ल्यूबीसीएस (Exe.), जिला जनशिक्षा प्रसार अधिकारी तनुमय सरकार तथा झाड़ग्राम राज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवनारायण राय सहित अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के उद्देश्य, आवश्यकता और इसकी कार्यप्रणाली पर जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत समाज के निरक्षर और वयस्क लोगों को साक्षरता के दायरे में लाने तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस दौरान ULLAS ऐप के उपयोग को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि डिजिटल माध्यम के जरिए साक्षरता कार्यक्रम की गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को दैनिक जीवन में आवश्यक जानकारी और निर्णय लेने की क्षमता से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के जरिए जिले में वयस्क शिक्षा को और व्यापक बनाने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात कही गई।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : पारिश्रमिक भुगतान की मांग को लेकर हुला पार्टी के सदस्यों ने वन विभाग के कलाईकुंडा बिट कार्यालय का किया घेराव



















































