गुवा पहुंचकर गोलीकांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि
चाईबासा (सिद्धार्थ पाण्डेय) : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के सुप्रीमो सह डुमरी के विधायक जयराम महतो मंगलवार को पहली बार सड़क मार्ग से दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ गुवा पहुंचे। उन्होंने गुवा गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हिस्सा लिया तथा शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने झारखंड सरकार और राज्य की राजनीतिक व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा।जयराम महतो ने कहा कि गुवा समेत झारखंड आंदोलन के तमाम शहीदों ने जिस झारखंड का सपना देखा था, वह आज भी अधूरा है।
जिन अधिकारों और उद्देश्यों के लिए लोगों ने अपनी जान की कुर्बानी दी, उनके अनुरूप राज्य का विकास अब तक नहीं हो पाया है।उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौरान गांव-गांव से लोग घरों से निकलकर आंदोलन में शामिल हुए और कई लोगों ने शहादत दी। उनके अनुसार, अलग राज्य बनने के बाद अब यह सवाल उठता है कि क्या शहीदों के सपनों के अनुरूप झारखंड का निर्माण हुआ है।डुमरी के विधायक ने कहा कि झारखंड आंदोलन JMM के नेतृत्व में चला था और आज हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के सामने शहीदों के सपनों को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार और कथित माफिया प्रभाव को लेकर सरकार पर आरोप लगाए और कहा कि आम जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।गुवा में शहीद दिवस के आयोजन और सजावट पर सवाल उठाते हुए महतो ने कहा कि होर्डिंग, पोस्टर, बैनर और पंडालों पर खर्च होने वाली राशि को कम कर शहीद परिवारों और उनके गांवों के विकास पर खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। गुवा की धरती से उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम पर केवल आयोजन नहीं, बल्कि उनके सपनों को धरातल पर उतारने की जरूरत है।
इसे भी पढ़ें : Tribute : गुवा के वीर शहीदों का बलिदान झारखंड की संघर्षशील पहचान और जन अधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण अध्याय है : सोनाराम सिंकू



















































