जमशेदपुर: बागबेड़ा के नया बस्ती रोड नंबर 3 निवासी वंदना देवी (47 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। नाइ जागृति संघ के उपसचिव ने बताया कि 16 अक्टूबर की सुबह वंदना देवी ऑटो (संख्या JH05DJ2053) से बिष्टुपुर जा रही थीं। रास्ते में ऑटो चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, तभी पीछे से तेज रफ्तार निक्सॉन कार (संख्या JH05CN2361) ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
कार और ऑटो की टक्कर के तुरंत बाद, पीछे से आ रही एक बस (संख्या JH06 8841) ने निक्सॉन कार को जुगसलाई बलदेव बस्ती के पास टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि वंदना देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल वंदना देवी को तुरंत टाटा मेन अस्पताल (TMH) ले जाया गया। परिजनों के अनुसार, 17 अक्टूबर तक इलाज पर करीब 1 लाख 60 हजार रुपये खर्च हो चुके थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से जब अस्पताल को लगा कि आगे खर्च नहीं उठाया जा सकेगा, तो इलाज में उदासीनता बरती गई। मजबूर होकर परिवार ने उन्हें रिम्स रांची शिफ्ट किया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वंदना देवी के परिवार ने आरोप लगाया कि जुगसलाई थाना पुलिस ने दबाव डालकर गलत बयान लिखवाया कि गलती ऑटो चालक की थी। पुलिस ने यह भी कहा कि अगर केस दर्ज करोगे, तो मुआवजा नहीं मिलेगा। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने न तो निष्पक्ष जांच की और न ही कोई ठोस कार्रवाई की, बल्कि मामले को दबाने की कोशिश की।
फिलहाल तीनों वाहन – ऑटो, निक्सॉन कार और बस – जुगसलाई थाना में जब्त हैं। परिवार ने सरकार और जिला प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें :
Potka: पोटका की शाह स्पंज कंपनी में सुरक्षा गार्ड की मौत, मुआवजे को लेकर विरोध तेज




















































