- दिनदहाड़े मोबाइल छीनकर भागा युवक, लोगों ने पकड़ा
- पुलिस कर रही पूछताछ, गिरोह से जुड़ाव की जांच
- लगातार अपराध से बढ़ा भय, पुलिस ने दिया आश्वासन
- पुलिस ने गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के जुबली पार्क गेट नंबर-1 के पास गुरुवार को दिनदहाड़े मोबाइल फोन छीने जाने की घटना ने पूरे इलाके में अफरातफरी मचा दी। जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती पार्क के समीप सड़क किनारे स्थित एक दुकान में चाय पी रही थी। इसी दौरान एक युवक अचानक पीछे से आया और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीनते हुए भागने लगा। घटना इतनी तेजी से हुई कि युवती कुछ क्षण के लिए स्तब्ध रह गई। लेकिन उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग सक्रिय हो गए और आरोपी का पीछा कर कुछ दूरी पर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने मौके पर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बानियाकुंदर चर्च में क्रिसमस की धूम, प्रेम और भाईचारे का दिया संदेश
भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अकेले था या किसी गिरोह के साथ मिलकर ऐसी वारदातों को अंजाम देता है। यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि जुबली पार्क जिला मुख्यालय के बेहद नजदीक स्थित है और दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पार्क और इसके आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त काफी कम हो गई है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सरायकेला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, गूंजे अटल अमर रहें के नारे
जुबली पार्क क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लोगों का कहना है कि शाम होते ही पार्क के आसपास संदिग्ध लोगों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं लेकिन पुलिस की मौजूदगी ना के बराबर रहती है। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में दो दिन पहले चोरों ने करीब दर्जन भर दुकानों में सेंधमारी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। लगातार हो रही आपराधिक वारदातों ने शहरवासियों में भय और असंतोष दोनों को बढ़ा दिया है। लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
There is no ads to display, Please add some



















































