जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने चेतावनी दी है कि एमजीएम अस्पताल के डिमना स्थित नए भवन में पानी की समस्या गंभीर हो गई है। कॉलेज में सीटें बढ़ने के बाद अस्पताल, हॉस्टल और रिहायशी भवनों में पानी की खपत भी बढ़ गई है।
अस्पताल परिसर में 5 डीप बोरिंग कराई गई थी, लेकिन इनसे होने वाली जलापूर्ति अस्पताल और कॉलेज के लिए अपर्याप्त साबित हो रही है। वहीं, स्वर्णरेखा नदी से पानी लेने की परियोजना का काम भी अत्यंत धीमा है। सरयू राय का कहना है कि यदि दिसंबर तक पानी की व्यवस्था नहीं हुई, तो अस्पताल और कॉलेज के सामने गंभीर जल संकट खड़ा हो सकता है।
सरयू राय ने कहा कि जनहित और जनस्वास्थ्य से जुड़े विकास कार्यों में राजनीतिक हस्तक्षेप परियोजनाओं की सफलता में बाधा बनता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक साल पहले विधानसभा चुनाव के समय राजनीतिक लाभ लेने के लिए तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री को अंधेरे में रख कर अधकचरा उद्घाटन करा दिया।
उस समय न तो नया भवन हस्तांतरित हुआ था और न ही पानी की व्यवस्था पूरी थी। कई ओपीडी को नए भवन में लाने की घोषणा चुनावी लाभ के लिए की गई थी, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया। सरयू राय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने वास्तविक स्थिति मुख्यमंत्री तक नहीं पहुँचाई और विभागीय मंत्री के दबाव में बिना तैयारी के पुराने भवन से नए भवन में स्थानांतरण करवा दिया।
सरयू राय ने बताया कि पूर्व मंत्री ने जिला उपायुक्त को निर्देश देकर 5 डीप बोरिंग करवा दी, जबकि पर्यावरण नियमों के अनुसार ऐसा करना मना है।
उन्होंने चेतावनी दी कि दिसंबर के बाद भूजल स्तर गिरने से डीप बोरिंग भी काम नहीं आएगी, और आसपास के इलाकों में भी पेयजल संकट पैदा हो सकता है।
यदि पानी की आपूर्ति नहीं बढ़ाई गई, तो एमजीएम अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग ज़िला प्रशासन पर दबाव डाल सकते हैं कि नागरिकों के लिए पानी देने वाली टंकी से अस्पताल को पानी दिया जाए, जबकि वहां भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा।
सरयू राय ने कहा कि उन्होंने सुझाव दिया है कि टाटा स्टील के डिमना लेक से जमशेदपुर पानी ले जाने वाली पाइपलाइन के माध्यम से एमजीएम अस्पताल के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में अस्पताल की जरूरत के हिसाब से पानी लिया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के सचिव स्तर से टाटा स्टील प्रबंधन से वार्ता की जानी चाहिए। यह एमजीएम अस्पताल को पर्याप्त पानी देने का एकमात्र उपाय है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: पोटका विधायक के जन्मदिन पर संजीव सेना ने आयोजित किया रक्तदान शिविर
There is no ads to display, Please add some


















































