जमशेदपुर: आज मानगो में एनसीपी महिला मोर्चा की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजया वासनी पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में एनसीपी के लिए अपार संभावनाएँ हैं।
विजया वासनी पाण्डेय ने बताया कि विगत विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 81 में से 34 सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिनमें चाईबासा एसटी सुरक्षित सीट पर महिला उम्मीदवार कोमल निमा सोरेन चौथे स्थान पर रही थीं।
उन्होंने आगे कहा कि आगामी घाटशिला उपचुनाव में भी पार्टी स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में उतरने की योजना बना रही है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता डॉ. पवन पांडेय से घाटशिला उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची मांगी है।
विजया वासनी पाण्डेय ने कहा कि यदि महिला मोर्चा संयुक्त रूप से किसी महिला को उपचुनाव में उम्मीदवार के रूप में नामित करता है, तो पार्टी उस महिला को मैदान में उतारने पर विचार करेगी। इसके लिए महिला मोर्चा को अपने इलाके में काम कर चुकी, राजनीतिक और सामाजिक पहचान वाली महिलाओं के नाम तत्काल सहमति के साथ प्रभारी को भेजने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि एनसीपी का उद्देश्य एसटी और एससी आरक्षित सीटों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है। इस दिशा में पार्टी झारखंड में महिलाओं के लिए सबसे भरोसेमंद राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मालती देवी, चम्पा सोना, सबिता देवी, सुनिता देवी, शोभा रानी, बिना पाण्डेय और दामिनी देवी शामिल हुईं।
There is no ads to display, Please add some



















































