झाड़ग्राम : विधानसभा चुनाव की आहट के साथ झाड़ग्राम जिले में राजनीतिक माहौल अब पूरी तरह गरमा चुका है। नामांकन के महत्वपूर्ण चरण में सोमवार को झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम चारों सीटों पर वाम मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने-अपने उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल किए। इस दौरान दोनों दलों ने ताकत का जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिससे पूरे इलाके में चुनावी जोश और हलचल साफ दिखाई दी।
सुबह से ही सड़कों पर राजनीतिक रंग नजर आने लगा। वाम मोर्चा की ओर से रवींद्र पार्क से एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें पारंपरिक धामसा-मादल की गूंज के बीच हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। लाल झंडों और नारों से गूंजती यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंची। यहां अर्जुन महतो, रवि सिंह सरदार, विकास षड़ंगी और पुलिन बिहारी बास्के ने क्रमशः चारों सीटों से अपना नामांकन दाखिल किया।

सभा को संबोधित करते हुए वाम नेताओं ने सत्तारूढ़ दल और भाजपा दोनों पर निशाना साधा और “वास्तविक बदलाव” के लिए जनता से समर्थन की अपील की।
दूसरी ओर भाजपा ने भी सुभाष पार्क से भव्य शोभायात्रा निकालकर अपनी ताकत का अहसास कराया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और पार्टी के झंडों से सजी इस रैली में भारी भीड़ उमड़ी। खास आकर्षण रहे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जिन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
रैली के बाद भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत सउ, डॉ. प्रणत टुडू, राजेश महतो और अमीय किस्कू ने डीएम कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। भाजपा नेताओं ने अपने भाषणों में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था, विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और “परिवर्तन” का नारा बुलंद किया।नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी गई। दिनभर चले इस राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि झाड़ग्राम में इस बार मुकाबला बेहद कड़ा होने वाला है। आने वाले दिनों में चुनावी सरगर्मी और तेज होने के आसार हैं, जिससे यह क्षेत्र राज्य की राजनीति का अहम केंद्र बनता जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम विधानसभा से निर्दलीय उम्मीदवार अशोक महतो को बंगीय कैवर्त-महिष्य एक्य मंच ने दिया समर्थन, प्रत्याशी ने जताया आभार



















































