जमशेदपुर : बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए हरहरगुड्डू एवं घाघीडीह क्षेत्र में शुक्रवार से टैंकर से निःशुल्क जलापूर्ति शुरु हुई। पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू ने तारापोर कंपनी के पानी टैंकर का विधिवत नारियल फोड़कर और अगरबत्ती दिखाकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही जुस्को के शुद्ध पेयजल का निःशुल्क वितरण शुरू किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग गैलन, जार और बाल्टी लेकर कतारबद्ध नजर आए, जिन्हें शुद्ध पानी उपलब्ध कराकर उनकी प्यास बुझाने का कार्य किया गया। कार्यक्रम से पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से बारी मुर्मू को पगड़ी एवं अंगवस्त्र देकर इस पुनीत पहल के लिए सम्मानित किया।
जिप अध्यक्ष बारी मुर्मू ने बताया कि उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, जुस्को के महाप्रबंधक आरके मिश्रा एवं तारापोर कंपनी प्रबंधन को पत्र लिखकर पानी टैंकर के माध्यम से निःशुल्क जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद क्षेत्रों की पहचान कर पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों की संयुक्त कमेटी बनाकर नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
शादी-श्राद्ध समारोह में पेयजल को मिलेगी प्राथमिकता
उन्होंने आगे कहा कि बागबेड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में श्राद्ध, शादी समारोह जैसे अवसरों पर भी प्राथमिकता के आधार पर पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सके। मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि बारी मुर्मू के सतत प्रयासों से इस वर्ष हरहरगुड्डू, घाघीडीह, सोमाय झोपड़ी, प्रेम कुंज चौक और बागबेड़ा क्षेत्र में पेयजल संकट नहीं होने दिया जाएगा। इस पहल के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने बारी मुर्मू के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बर्मामाइंस की बस्तियों में पेयजल की पाइप लाइन बिछी, घर-घर कनेक्शन का रास्ता हुआ साफ
There is no ads to display, Please add some



















































