नई दिल्ली: एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में भारत से मिली हार के बाद ट्रॉफी विवाद में फंसे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने आखिरकार झुकते हुए भारत से माफी मांग ली है। नकवी ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) की बैठक में कहा कि अब दोनों देशों को नई शुरुआत करनी चाहिए।
दरअसल, भारत ने फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीत लिया था। लेकिन मैच के बाद जब ट्रॉफी सौंपने का समय आया, तब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद नकवी ट्रॉफी और मेडल अपने साथ लेकर चले गए थे, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
दुबई में हुई एसीसी बैठक में नकवी ने कहा, “जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था, लेकिन अब हमें नई पहल करनी चाहिए। मैं चाहता हूं कि सूर्यकुमार यादव खुद आकर ट्रॉफी ले जाएं।” बीसीसीआई ने इस बैठक में ट्रॉफी का मुद्दा उठाया, जिसके बाद नकवी को सफाई और माफी दोनों देनी पड़ी।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने नकवी की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें एक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। अफरीदी ने कहा, “नकवी इस समय पीसीबी चेयरमैन होने के साथ-साथ पाकिस्तान के गृहमंत्री भी हैं। पाकिस्तान क्रिकेट को फिलहाल पूरा ध्यान और समय चाहिए।”
भारत की ओर से पूर्व क्रिकेटर और सांसद कीर्ति आजाद ने कहा, “माफी मांग रहे हैं या नहीं, यह अलग बात है, लेकिन ट्रॉफी उनकी निजी संपत्ति नहीं थी। वे इसे लेकर कैसे जा सकते हैं? ये तो ऐसे हो गया जैसे कोई आउट होकर बैट और बॉल लेकर चला जाए।”




















































