रांची: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती रांची के एक युवक को भारी पड़ गई। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पुंदाग रोड निवासी संदीप पाटिल से जमशेदपुर की रहने वाली सपना सोना नामक महिला ने करीब 1.45 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संदीप की मुलाकात वर्ष 2022 में सोशल मीडिया के जरिए सपना से हुई थी। बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे महिला ने संदीप व उसके परिवार से नजदीकी बना ली। आरोप है कि महिला ने पहले भावनात्मक रिश्ता कायम किया और फिर उसी भरोसे का फायदा उठाते हुए पैसे ऐंठने शुरू कर दिए।
मां के इलाज और भाई की पढ़ाई के नाम पर पैसे मांगने के बाद सपना ने निजी संबंध उजागर करने और बदनामी फैलाने की धमकी देकर संदीप से विभिन्न तरीकों से लाखों रुपये वसूले।
शिकायत में कहा गया है कि सपना ने संदीप के पैसे से लग्जरी घड़ियां, जेवरात और घूमने-फिरने पर लगभग 75 लाख रुपये खर्च किए। इतना ही नहीं, उसने संदीप की दो महंगी एसयूवी गाड़ियां भी अपने कब्जे में ले लीं।
जब संदीप को महिला पर शक हुआ और उसने पड़ताल की, तो पता चला कि सपना पहले से ही जगजीत सिंह नामक व्यक्ति से संबंध में है और उसे भी शादी का झांसा दे चुकी है।
संदीप का कहना है कि तीन साल में सपना ने न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाया बल्कि मानसिक रूप से भी उसे प्रताड़ित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi: रांची में चुटिया थाना प्रभारी सस्पेंड, महिला से गलत व्यवहार का आरोप
There is no ads to display, Please add some



















































