चांडिल: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है. रात के समय बिना वाहन संख्या वाले हाइवा और ट्रैक्टर द्वारा जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही है, जिससे न केवल सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा भी दांव पर लगी हुई है. जिला जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए उपायुक्त महोदय से इस पर कड़ी कार्रवाई की अपील की है. उन्होंने बताया कि इस मामले में उपायुक्त द्वारा 27 जनवरी 2025 को आयोजित जिला स्तरीय “खनन टास्क फोर्स” की बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए स्थानीय प्रशासन को अवैध खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है.
स्थानीय प्रशासन की लापरवाही
मधुश्री महतो ने कहा कि चांडिल अनुमंडल के कुकड़ू, ईचागढ़, नीमडीह, तिरुलडीह, और अन्य क्षेत्रों में रात के समय अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही है. इन क्षेत्रों के ग्रामीणों और आम जनता को रात में हाइवा और ट्रैक्टर की तेज गति के कारण बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार रफ्तार के कारण हाइवा ने ग्रामीणों के घरों को भी क्षतिग्रस्त किया है. इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन पर कोई असर नहीं दिख रहा है.
कार्यवाही की आवश्यकता
उन्होंने बताया कि इस तरह की गतिविधियां लगातार चल रही हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं. मधुश्री महतो ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए, जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की उम्मीद जताई है, ताकि किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके.
सरकार और प्रशासन से अनुरोध
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे इस मुद्दे की गंभीरता को समझें और तत्काल प्रभाव से अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाएं. इसके लिए चेक पोस्ट स्थापित करने और तीन शिफ्टों में पुलिस, अंचल और वन विभाग की टीम को संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त करने का सुझाव भी दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : Ichagarh: सविता महतो ने विधानसभा में रखी कुकड़ू थाना को चालू करने की मांग, अपराध पर जल्द लगेगा लगाम
There is no ads to display, Please add some



















































